फैक्ट चेक: मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने पर क्या सच में भावुक हुए रोहित शर्मा? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई

मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने पर क्या सच में भावुक हुए रोहित शर्मा? जानिए वायरल वीडियो की सच्चाई
  • रोहित शर्मा का वीडियो हो रहा वायरल
  • मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने पर भावुक होने का किया जा रहा दावा
  • पड़ताल में फर्जी पाया गया वीडियो

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या ने मुंबई इंडियंस में न सिर्फ एंट्री ली बल्कि उन्हें नई टीम में कप्तानी की भी जिम्मेदारी मिली। इसके चलते रोहित शर्मा को मुंबई की कप्तानी से हाथ धोना पड़ा। मुंबई इंडियंस और रोहित शर्मा के फैंस को टीम मैनेजमेंट का यह फैसला रास नहीं आया। कई नाराज फैंस ने मुंबई इंडियंस को अनफॉलो कर दिया। रोहित शर्मा की कप्तानी में पिछले तीन सीजन्स में मुंबई इंडियंस का परफॉर्मेंस अच्छा नहीं रहा है। वहीं हार्दिक पांड्या ने कैप्टन बनते ही अपनी टीम को खिताब दिलाया तो दूसरे सीजन में टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया।

इस खबर ने क्रिकेट प्रेमियों का काफी ध्यान खींचा और मीडिया में सुर्खियां बनी। अब इस मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है की कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित ने भावुक होकर अपना पक्ष रखा है।

दावा - वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं की मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित ने अपना दुख जाहिर किया है। sinu_bhatia143 नाम के फेसबुक यूजर ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने का बाद रोहित शर्मा का रिएक्शन।" दीपक कुमार नाम के एक अन्य फेसबुक यूजर ने रोहित शर्मा की दूसरी वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, "रोहित शर्मा रोते हुए LIVE आये! मुंबई इंडियंस से कप्तानी जाने के बाद इमोशनल रोहित शर्मा!"

पड़ताल - वायरल वीडियो की जांच करने के लिए हमारी टीम ने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च कर इसकी सच्चाई जानने की कोशिश की। वायरल वीडियो हमें NNIS Cricket नाम के यूट्यूब चैनल पर मिला जो एक घंटा, एक मिनट और तीन सेकेंड लंबी थी। 18 मई 2020 को यह वीडियो चैनल पर अपलोड किया गया था। इसमें वायरल वीडियो के हिस्से को 23 मिनट 22 सेकेंड से लेकर 24 मिनट 32 सेकेंड तक देखा जा सकता है। इस वीडियो को अन्य यूट्यूब चैनल पर भी देखा जा सकता है जिसमें वो आर अश्विन से बातचीत करते नजर आ रहे हैं।

इसके बाद हमारी टीम ने दूसरी वीडियो की जांच की। कीफ्रेम्स के जरिए गूगल सर्च करने पर पता चला की इस साल वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार के बाद एक इंटरव्यू में अपने मन की बात रखी थी। टीम45रो नाम के इंस्टाग्राम चैनल को रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया से मिली हार के बाद इंटरव्यू दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि फाइनल के बाद वापसी करना और आगे बढना मुश्किल होता है।

पड़ताल में हमने पाया की रोहित शर्मा की पुरानी वीडियोज को गलत दावे के साथ पेश किया जा रहा है। मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटने के बाद रोहित शर्मा ने अब तक कोई भी सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। वायरल वीडियो भ्रामक है।

Created On :   21 Dec 2023 3:45 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story